नेशनल कॉलेज SIRSA की लाइब्रेरी से महिला का लॉकेट चोरी, छात्र काबू
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन थाना की बस स्टैंड पुलिस चौकी ने नेशनल कॉलेज की लाइब्रेरी से सोने का लॉकेट चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया है।
बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि रानियां गेट निवासी सरिता पुत्री चंद्रप्रकाश ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह नेशनल कॉलेज सिरसा में एलए के पद पर कार्यरत हैं। 10 सितंबर को उन्होंने अपना पर्स कॉलेज की लैब के अंदर रखा था। कुछ समय बाद वापस लौटकर देखा तो पर्स से सोने का लॉकेट गायब था। काफी तलाश करने के बाद भी लॉकेट का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान बस स्टैंड चौकी पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में नेशनल कॉलेज के छात्र कंवलदीप सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी रंगड़ी खेड़ा, सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया गया।
पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कॉलेज परिसर में सामान की सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भी सतर्क रहना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।
