अरनियावाली के स्वामी विवेकानंद स्कूल में ‘अच्छे लोग’ डिजिटल स्टूडियो शुरू, राजकुमार रोहलीवाल ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
mahendra india news, new delhi
स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियावाली में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से *‘अच्छे लोग – सफलता की अनकही कहानियां’ डिजिटल स्टूडियो* का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध लेखक, साहित्यकार एवं समाजसेवी राजकुमार रोहलीवाल शिरकत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने, सकारात्मक विचार रखने तथा समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से सीख लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र भावना लाखलान ने राजकुमार रोहलीवाल का साक्षात्कार लिया और उनके निजी जीवन, संघर्षों, जीवन के उतार-चढ़ाव तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछे। राजकुमार होलीवाले ने अपने जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए बताया कि कठिन समय में धैर्य, साहस और सकारात्मक सोच बनाए रखना बेहद जरूरी है। जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारता और निरंतर प्रयास करता रहता है, वह निश्चित रूप से सफलता की ओर आगे बढ़ता है।
राजकुमार रोहलीवाल ने कहा कि बच्चों में अच्छे गुणों और संस्कारों का विकास करना आवश्यक है, क्योंकि अच्छे गुण ही व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारते हैं। हमें समाज के अच्छे और प्रेरणादायी लोगों के संपर्क में रहना चाहिए। जितना अधिक बच्चों को अच्छे व्यक्तित्वों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा, उतना ही उनके भीतर अच्छे विचारों, गुणों और व्यवहार का विकास होगा।
उन्होंने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं। उन्हें जिस प्रकार के संस्कार, विचार और वातावरण मिलते हैं, उसी के अनुरूप उनका चरित्र विकसित होता है। हमारे भाव विचारों में, विचार व्यवहार में और व्यवहार चरित्र में दिखाई देने चाहिए। व्यक्ति को अपने जीवन में कृत्रिम या दिखावटी चरित्र का सहारा लेने के बजाय अपने आचरण में सच्चाई और नैतिकता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को महान महापुरुषों की जीवनियों से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
*अनुभवों से सीखने का मिलेगा अवसर*
विद्यालय में शुरू किया गया ‘अच्छे लोग’ डिजिटल स्टूडियो विद्यार्थियों को समाज के सफल, अनुभवी और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थी न केवल महान व्यक्तियों के जीवन संघर्षों और उपलब्धियों को जान सकेंगे, बल्कि उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने तथा चुनौतियों का सामना करने की सीख भी प्राप्त करेंगे।
विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कारों से युक्त जिम्मेदार नागरिक भी बन सकें।
