home page

हकृवि में कृषि मेला (रबी) 1 व 2 अक्टूबर को, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि

 | 
news

mahendra india news, new delhi
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मेला (रबी)का आयोजन एक व दो अक्टूबर को किया जाएगा। कृषि मेले का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। मेले का विषय सतत कपास उत्पादन- फसल विविधीकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा रखा गया है।


      यह जानकारी देते हुए कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा सतत कपास उत्पादन- फसल विविधीकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व  यंत्र निर्माता कंपनियां भाग लेंगी। विभिन्न कृषि कार्यों के लिए उपयुक्त मशीनों, यंत्रों एवं उनकी कार्य प्रणाली के साथ-साथ इन मशीनों की कीमत तथा उनके निर्माताओं की भी जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय की ओर से सिफारिश की गई रबी फसलों के उन्नत बीज तथा बायोफर्टिलाइजर के अतिरिक्त कृषि साहित्य भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।


        विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ नरेश कौशिक ने बताया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी यह मेला चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के गेट नंबर-3 के सामने मेला ग्राउंड में लगाया जाएगा। इसके लिए मेला स्थल पर विभिन्न सरकारी बीज एजेंसियों के सहयोग से बिक्री काउंटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई फसलें दिखाई जायेगी तथा उनमें प्रयोग की गई तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों को कृषि, पशुपालन तथा गृह विज्ञान संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए मेले के दोनों दिन प्रश्नोत्तरी सभाएं आयोजित की जाएगी। मेला स्थल पर मिट्टी, सिंचाई जल, रोगी  पौधों की वैज्ञानिक जांच करवाने की किसानों को सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ-साथ दोनों दिन मेले में फसल प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

WhatsApp Group Join Now


सह निदेशक (विस्तार) डॉ. कृष्ण यादव ने बताया कि कृषि मेले में लगने वाली एग्रो-इंडस्ट्रियल प्रदर्शनी के लिए स्टॉलों की बुकिंग शुरू की जा चुकी है। प्राइवेट कंपनियों को स्टॉल ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर आवंटित किए जा रहे हैं। किसानों की सुविधा के लिए उनके बैठने हेतु वाटर प्रूफ पंडाल होगा। उन्होनें बताया कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हर साल कृषि मेला आयोजित करता है जिसमें हरियाणा तथा पड़ोसी राज्यों से हजारों किसान भाग लेते हैं। इस मेले में एग्रो-इंडस्ट्रियल प्रदर्शनी भी लगाई जाती है जिसमें हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, लुवास तथा हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त विभिन्न कृषि निविष्टों तथा फार्म मशीनरी बनाने वाली कंपनियां भी भाग लेकर अपनी तकनीकी प्रदर्शित करती हैं।