कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किया अमृत फार्मेसी स्टोर का उदघाटन, मरीजों को मिलेगी किफायती दरों पर दवाइयां
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में समारोह के उपरांत जिला नागरिक अस्पताल सिरसा में स्थापित अमृत फार्मेसी स्टोर का उद्घाटन किया।
इस दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अमृत फार्मेसी भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य मरीजों और आमजन को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां, सर्जिकल सामग्री तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री बाजार की तुलना में किफायती दरों पर उपलब्ध करवाना है।
SIRSA जिला नागरिक अस्पताल परिसर में स्टोर शुरू होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक दवाइयां आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे विशेष रूप से उन मरीजों और परिवारों को राहत मिलेगी, जिनके लिए महंगी दवाइयां खरीदना आर्थिक बोझ बन जाता है।
वहीं सिविल सर्जन डा. पवन कुमार ने कहा कि अस्पताल परिसर में ही अमृत फार्मेसी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को दवाइयां खरीदने के लिए बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी। ओपीडी में आने वाले मरीजों के साथ-साथ अस्पताल में दाखिल मरीजों के परिजन भी यहां से आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। अमृत फार्मेसी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मरीज के उपचार में आर्थिक स्थिति बाधा न बने।
किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, एसडीएम राजेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, उप सिविल सर्जन डा. राजेश चौधरी, डा. विपुल गुप्ता, डा. संदीप चौधरी, जिला परार्शदाता कमल कक्कड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
