सिरसा निवासी एक महिला से टेलिग्राम एप्प से जोड़कर 289000 रुपए की साइबर ठगी करने के मामलें में एक आरोपी सीकर,राजस्थान से काबू
फर्जी लिंक भेज कर साइबर धोखाधड़ी करने वाले ठगो से सावधान रहें :- एसपी दीपक सहारन ।
SIRSA SP द्वारा साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना सिरसा की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार किया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि खैरपुर कॉलोनी, सिरसा निवासी एक महिला से करीब 2 लाख 89 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई, जहां उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के माध्यम से मोटा मुनाफा कमाने के संदेश दिखाए गए। साइबर अपराधियों ने महिला को झांसे में लेने के लिए शुरुआत में उसके द्वारा लगाए गए पैसों पर नकली मुनाफा दिखाया और कुछ राशि उसके खाते में वापस भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद महिला ने अधिक लाभ के लालच में आकर धीरे-धीरे कुल 2 लाख 89 हजार रुपये निवेश कर दिए।
जब महिला ने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो संबंधित लिंक बंद हो चुका था और वह ठगी का शिकार हो चुकी थी।इस मामले में पीड़िता की शिकायत के आधार पर 20 मार्च 2026 को साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी कुलदीप सिंह पुत्र हरि प्रसाद निवासी गांव मोरदूंगा, जिला सीकर (राजस्थान) को सीकर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है । उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश संबंधी लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहें। साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है।
