SIRSA जिला जेल में स्थित फैक्ट्री में सरसों के खल की नीलामी 29 अक्टूबर को
Mahendra india news, new delhi
जिला जेल में स्थित फैक्ट्री में सरसों का तेल निकलने के बाद बची 942 क्विंटल खल नीलामी के माध्यम से बेची जाएगी। नीलामी की प्रक्रिया 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिला जेल सिरसा के कार्यालय, बरनाला रोड, सिरसा में आयोजित की जाएगी। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक बोलीदाता को 50 हजार रुपये की सिक्योरिटी जेल अधीक्षक, जिला जेल सिरसा के कार्यालय में जमा करवानी होगी।
जेल अधीक्षक जसवंत सिंह ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के लिए बोलीदाता को उसी दिन सुबह 11 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होना होगा। सफल बोलीदाता को सरसों के खल को नीलामी के एक सप्ताह के भीतर उठाना होगा। सफल बोलीदाता को खल उठाने और परिवहन की पूरी व्यवस्था स्वयं करनी होगी। नीलामी की पूरी राशि का भुगतान जीएसटी सहित सात दिन के भीतर एकमुश्त रूप से करना अनिवार्य रहेगा।
इसके अतिरिक्त यह भी शर्त रखी गई है कि बोलीदाता जेल परिसर में किसी भी बंदी से किसी प्रकार का लेन-देन या संपर्क नहीं करेगा। ऐसा पाए जाने पर उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि सफल बोलीदाता नीलामी की किसी शर्त का उल्लंघन करता है, तो उसकी सुरक्षा राशि जब्त कर ठेका समाप्त कर दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं।
