सीडीएलयू SIRSA में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के फार्मेसी विभाग द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 के अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacist for Healthier Future” तथा उप-थीम “Swastha Bharat: Combating Antimicrobial Resistance (AMR)” रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रो. विजय कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दवाओं के सुरक्षित, प्रभावी एवं तर्कसंगत उपयोग के साथ-साथ समाज को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जागरूक करने में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कुलसचिव डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में फार्मेसी प्रोफेशन का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं गलत उपयोग एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की गंभीर समस्या को बढ़ा रहा है। ऐसे में फार्मेसी के विद्यार्थियों और फार्मासिस्टों का दायित्व है कि वे लोगों को दवाओं के सही एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए फार्मेसी विभाग की चेयरपर्सन प्रो. संजू बाला ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि फार्मेसी के विद्यार्थियों को अपने पेशेवर ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
जागरूकता रैली के दौरान फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों ने “स्वस्थ भारत”, “सुरक्षित दवा उपयोग”, “एंटीबायोटिक का विवेकपूर्ण उपयोग” तथा “एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से बचाव” जैसे महत्वपूर्ण संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से लोगों को दवाओं का सेवन चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करने तथा एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. गौरव खुराना की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न पदाधिकारी, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा फार्मेसी विभाग के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर फार्मेसी विभाग द्वारा जागरूकता रैली, पोस्टर प्रस्तुति, स्वास्थ्य जांच शिविर, फार्मा-क्विज एवं रील मेकिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं पेशेवर क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य एवं दवा संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के अंत में फार्मेसी विभाग द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन, सभी पदाधिकारियों, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सफल आयोजन में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।
