गरीबों के अधिकार कुचल रही भाजपा, बसपा ही संविधान की असली रक्षक: रामधन चौटाला
mahendra india news, new delhi
बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष रामधन चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश में भाजपा सरकार जनता को झूठे नारों और खोखले वादों से गुमराह कर रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजग़ारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था ने आमजन का जीवन नरक बना दिया है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। बेरोजग़ार युवाओं की भर्तियां वर्षों से अटकी पड़ी हैं।
शिक्षा व्यवस्था बदहाली के दौर से गुजर रही है और सरकारी स्कूलों के प्रति जनता का भरोसा जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है। रामधन चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के संवैधानिक अधिकारों को एक-एक कर खत्म करने की साजिश कर रही है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करना करोड़ों गरीब मजदूर परिवारों की रोज़ी-रोटी पर सीधा हमला है। वहीं ईडी और सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक दुरुपयोग लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बहुजन समाज पार्टी धन्नासेठों की पार्टी नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर, किसान, कर्मचारी और शोषित-वंचित वर्ग की असली आवाज़ है। बसपा ही वह पार्टी है, जो संविधान और कानून के दायरे में रहकर समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा करती है। रामधन चौटाला ने जानकारी दी कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 जनवरी 2026 को बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में पूरे हरियाणा में मनाया जाएगा। हरियाणा प्रदेश को चार जोनों में बांटकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जोन नंबर 3 का मुख्य कार्यक्रम कमला भवन, पुराना बस स्टैंड के नजदीक, भिवानी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, हांसी एवं दादरी जिलों के हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डा. कृष्ण जमालपुर (प्रदेश अध्यक्ष, बसपा हरियाणा) शिरकत करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि राम सिंह प्रजापति एवं जगदीश चंद्र (स्टेट जोन प्रभारी) होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप रंगा हालुवास (जिलाध्यक्ष, बसपा भिवानी) करेंगे। रामधन चौटाला ने सभी बसपा कार्यकर्ताओं एवं सर्वसमाज की जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनकल्याणकारी समारोह को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
