सीडीएलयू SIRSA में एनसीसी डे के उपलक्ष्य में रक्तदान जागरूकता एवं रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा की एनसीसी यूनिट ने एनसीसी डे के उपलक्ष्य में रक्तदान गतिविधि आयोजित की गई। इसमें कैडेट्स ने न केवल रक्तदान किया बल्कि रक्तदान की वैज्ञानिक प्रक्रिया, ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन और रक्त के सुरक्षित भंडारण की प्रणाली को करीब से समझा। यह कार्यक्रम तीन हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी हिसार के निर्देशन तथा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के प्रेरणादायी नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विश्वविद्यालय की एनसीसी केयर टेकर प्रो. रचना अहलावत ने बताया कि कुलगुरु प्रो. विजय कुमार सदैव से ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को समाज हित एवं मानवता के कल्याण हेतु सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा देते रहे हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रोत्साहन से ही ऐसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो पाते हैं और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का बोध मजबूत होता है। उन्होंने कहा सीडीएलयू की एनसीसी इकाई के युवा न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सेवा में भी अग्रणी हैं।

इस सामाजिक पहल में कुल 36 एनसीसी कैडेट्स सहभागी बने, जिनमें से 06 कैडेट्स ने निस्वार्थ भाव से वरदान ब्लड बैंक, सिरसा में रक्तदान किया। कार्यक्रम में कैडेट्स को ब्लड बैंक के विशेषज्ञों द्वारा रक्तदान की संपूर्ण वैज्ञानिक प्रक्रिया, रक्त के घटकों को अलग करने की तकनीक, रक्त के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और परीक्षण की विधि, सेंट्रीफ्यूज, ब्लड स्टोरेज यूनिट्स और टेस्टिंग उपकरणों के संचालन के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कैडेट्स ने प्रयोगशाला में उपकरणों का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए यह भी जाना कि रक्त की एक यूनिट कैसे सुरक्षित रूप से मरीज तक पहुँचती है।
प्रो. रचना अहलावत ने कैडेट्स के अनुशासन, उत्साह और समाज सेवा की भावना की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कैडेट्स ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया। कैडेट्स ने पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन और स्टोरेज तकनीक को लाइव देखा। रक्तदान करने वाले कैडेट्स ने इसे जीवन में अविस्मरणीय और संतोष देने वाला अनुभव बताया।
कैडेट्स ने कहा कि इस गतिविधि ने उन्हें वास्तविक समाज सेवा से जोड़ने के साथ-साथ जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का भी विकास किया। एनसीसी के कैडेट्स ने भविष्य में भी समाजहित, मानवता और राष्ट्रीय सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एनसीसी इंस्ट्रक्टर सोनिका उपस्थित रही।
