व्यापार हुआ ठप, सरकार व प्रशासन को दी जल्द समस्या के समाधान के लिए चेतावनी
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा। पब्लिक हैल्थ विभाग द्वारा SIRSA शहर के मुख्य बाजार व गलियों में डाली गई पेयजल की नई पाइप लाइन व स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत तोड़ी गई व तोड़ी जा रही सड़कों के कारण व्यापारियों के साथ-साथ आमजन को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि शहर के हुए बदतर हालात को देखते हुए SIRSA जिला उपायुक्त को भी एक बार नहीं, कई बार लिखित में अवगत करवाने के बाद भी समस्या की ओर गंभीरता नहीं दिखाई गई है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आमजन में भी प्रशासन के खिलाफ खासा रोष है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन सिर पर है और शहर की सड़कों व मुख्य बाजारों के हालात ऐसे हैं कि वहां ग्राहक का पैदल निकलना भी खतरे से खाली नहीं है। इस बाबत महामहिम राज्यपाल व मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। शर्मा ने कहा कि विडंबना यह है कि शहर के मुख्य बाजार रोड़ी बाजार में पिछले दस दिनों से पब्लिक हैल्थ द्वारा डाली गई पेयजल की पाइप लीक है, जिसे आज तक दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों के आसपास की भी सभी गलियों को तोड़-फोड़ कर छोड़ दिया गया है, जिसके कारण व्यापारी खाली बैठा है और व्यापार ठप होकर रह गया है।
शर्मा ने कहा कि अभी फसली सीजन भी शुरू हो चुका है और सड़कों में पड़े गड्ढों के कारण आए दिन किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली इन गड्ढों में फसकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानियां भी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द इस समस्या पर सरकार व प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई तो व्यापारियों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।
