home page

सिरसा में स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट की भेंट चढ़ा व्यापार, रोटी के पड़े लाले, व्यापारियों की चेतावनी

 | 
news

mahendra india news, new delhi
सिरसा शहर में नगर परिषद की ओर से स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत तोड़ी गई सड़कों के कारण व्यापारियों व दुकानदारों के साथ-साथ आमजन को आ रही समस्याओं को देखते हुए व्यापारियों ने हिसारिया बाजार में निजी प्रतिष्ठान पर बैठक की। बैठक में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हीरालाल शर्मा, शहरी अध्यक्ष कीर्ति गर्ग, व्यापार मंडल के जिला उपप्रधान अंजनी कनोडिया, व्यापार मंडल के जिला महासचिव सुरेश गोयल पहुंचे। बैठक में फैसला लिया गया कि अगर नगर परिषद की ओर से तोड़ी गई सड़कों को आगामी एक सप्ताह के दौरान दुरुस्त नहीं किया तो आंदोलन के रूप में अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर रोष प्रकट करेंगे। आमजन से भी इस गंभीर समस्या को लेकर सहयोग मांगा जाएगा।

व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने कहा कि हिसारिया बाजार के दुकानदार पिछले करीब डेढ़ वर्ष से तोड़ी गई सड़क के कारण परेशानी झेल रहे हैं और व्यापार ठप होकर रह गया है। शर्मा ने कहा कि पुरानी सब्जी मंडी रोड़ी बाजार, हिसारिया बाजार, सिटी थाना रोड व इन सभी स्थानों के आसपास की गलियां तोड़े जाने से व्यापार ठप हो चुका है। व्यापारियों को रोटी के भी लाले पड़ चुके हैंं, क्योंकि दुकानों पर आवागमन के लिए रास्ता ही नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन आने वाला है और मंदी की मार झेल रहे व्यापारी इस सीजन से काफी आस लगाए बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन व नगर परिषद की ओर से समस्या पर गंभीरता से काम नहीं किया गया तो व्यापारी वर्ग चुप नहीं बैठेगा।

अपने व्यापार को बचाने के लिए बड़े आंदोलन के रूप में संघर्ष करेगा। इस मौके पर हिसारिया बाजार के नवनियुक्त प्रधान संदीप बड़वावाला, रमेश कुमार, पवन तेलंगा, अनिल सोनी, सुरेंद्र कक्कड़, रमेश कनोडिया, राजेंद्र अनेजा, संदीप राजपूत, संजय बंसल, साजन कुमार, अभिषेक शर्मा, प्रवीन सेठी, राजेश शर्मा, बिशंबर कनोडिया, अरूण गोयल, योगेश नारंग, रामदास मोंगा, रमन नागपाल, महावीर शर्मा, राधेश्याम  गोयल, मनोज तलवाड़िया मनोज सेतिया सहित भारी संख्या में व्यापारियों ने एकत्रित होकर रोष प्रकट किया।

WhatsApp Group Join Now