CDLU में विश्व बंधुत्व दिवस पर स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की स्मृति में कार्यक्रम का आयोजन
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय एवं विवेकानंद केंद्र, कन्याकुमारी, सिरसा शाखा द्वारा मंगलवार को विश्व बंधुत्व दिवस पर विश्वविद्यालय के टेगोर लेक्चर थियटर में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की स्मृति में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्व बंधुत्व का संदेश पूरे मानव समाज को एक सूत्र में पिरोता है। आज की वैश्विक परिस्थितियों में भाईचारे, सहयोग और आपसी सौहार्द की भावना ही मानवता को आगे ले जा सकती है। शहीद भगत सिंह व स्वामी विवेकानंद मंच स्थापित करने की घोषणा भी इस कार्यक्रम में की गई।
मुख्य वक्ता के तौर पर बोलते हुए जाने माने शिक्षाविद डॉ अशोक बत्रा ने कहा कि विश्व बंधुत्व दिवस हमें यह सिखाता है कि विभिन्नता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में शांति, सद्भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।उन्होंने स्वामी विवेकानन्द के जीवन से सम्बंधित अनेक अनुकरणीय उदहारण देकर युवाओं को उन द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर के जीवन में आगे बढ़ने के लिए विधार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि तथा हरियाणा इंस्टिट्यूट ऑफ़ रूरल डेवलपमेंट के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भाईचारा और बंधुत्व ही स्थायी शांति और प्रगति का आधार है। उन्होंने विवेकानंद के जीवन पर अपने विचार रखे और कहा की जिस प्रकार स्वामी विवेकानन्द जी ने पहले स्वयं को जाना और फिर अपनी प्रतिभा का जोहर विश्व में दिखाया उसी प्रकार विधार्थी भी अपनी छुपी हुई प्रतिभा को जाने और राष्ट्र निर्माण में आपने भागीदारी सुनिश्चित करें।
स्वामी विवेकानंद केंद्र, कन्यकुमारी से आये विभाग प्रमुख लाल बहादुर शास्त्री ने केंद्र के सम्बन्ध में जानकारी दी। स्वामी विवेकानंद केंद्र हरियाणा के अध्यक्ष दशरथ चौहान ने बताया की स्वामी जी का शिकागो का भाषण युवा वर्ग के लिए प्रेरणा के रूप में पेश किया जाता है। उनका यह भाषण युवाओं को आत्मसम्मान, स्वावलंबन, और नैतिक जीवन की ओर प्रेरित करता है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को सही दिशा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने मानवता, एकता और शांति के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में डीन अकादमिक अफेयर्स प्रोफ.सुरेश गहलावत,प्रोफ. काशिफ किदवई ,प्रोफ. अशोक शर्मा , डॉ रविंदर , डॉ रोहतास सहित विद्यार्थियों, अनेक शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मियों एवं अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंच का संचालन डॉ भूमिका शर्मा द्वारा किया गया।
