CDLU की छात्राओं को सकारात्मक जीवन-मूल्यों को अपनाने में सहायता मिली
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के दिशा-निर्देशन में गर्ल्स हॉस्टल्स में दिव्या ज्योति जागरण संस्थान से साध्वी राजविंदर भारती ने छात्राओं को प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने मोबाइल फोन की बढ़ती लत से बचने, अपने माता-पिता से नियमित संवाद बनाए रखने तथा परिवार के महत्व को समझने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अपने विचारों को प्रभावी ढंग से समझाने के लिए छोटे-छोटे प्रैक्टिकल और गतिविधियाँ भी करवाईं,
जिनसे छात्राओं को सकारात्मक जीवन-मूल्यों को अपनाने में सहायता मिली। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मोनिका वर्मा उपस्थित रही और उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में योग अपनाने और उचित समय प्रबंधन के गुर दिये। चीफ वार्डन प्रोफेसर रंजीत कौर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को तनाव-मुक्त रहने, स्वस्थ मानसिक आदतें विकसित करने तथा अपने मूल संस्कारों एवं मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश देना था।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मत है कि ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये छात्राओं के शैक्षणिक, मानसिक, भावनात्मक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वार्डन हरमनप्रीत कौर ने कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया। छात्राओं ने पूरे सत्र को उत्साहपूर्वक सुना और इसे अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव बताया। अंत में मेहक ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, छात्राओं एवं सहयोगियों का धन्यवाद किया।
