सीडीएलयू SIRSA में सेवा पखवाड़ा के तहत कक्षा कक्ष स्वच्छता कार्यक्रम एवं ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ पर विशेष व्याख्यान
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के शिक्षा विभाग में यूजीसी के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत कक्षा कक्ष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बी.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम के प्रथम, द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का संचालन किया और सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में शिक्षा संकाय की डीन प्रो. निवेदिता ने विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। विभागाध्यक्ष प्रो. मीना कुमारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कचरे को सही ढंग से फेंकने की आदत और स्वच्छता की भावना स्वस्थ और सुदृढ़ जीवन का आधार है। इस अवसर पर प्रो. रंजीत कौर, प्रो. राजकुमार सहित सभी अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
इसी कड़ी में शिक्षा विभाग की ओर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत एक विशेष विस्तार व्याख्यान भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीएलयू की मेडिकल ऑफिसर डॉ. शेफाली ने छात्राओं को संबोधित किया और नारी स्वास्थ्य एवं परिवार सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज की वास्तविक शक्ति है। कार्यक्रम में बी.एड. और आईटेप की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए। अंत में विभागाध्यक्ष प्रो. मीना कुमारी ने मुख्य अतिथि डॉ. शेफाली का आभार प्रकट किया।
