स्वामी विवेकानंद स्कूल, अरनियावाली में ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित
mahendra india news, new delhi
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अरनियावाली में ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आश्रम की सुनीता बहन जी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरणादायक कहानी सुनाई और विद्यार्थियों को जीवनभर नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
सुनीता बहन जी ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर विद्यार्थी जीवन में छोटी-छोटी गलत आदतों से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, भविष्य और पूरे परिवार को प्रभावित कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से बचने के लिए प्रेरित करें।
इसके बाद लीना बहन जी ने सभी विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान सोनू भाई ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. रामकृष्ण खोथ, निहाल सिंह खोथ, सरला देवी, डॉ. निशा गुप्ता, रोहतास जांगड़ा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सुनीता बहन जी ने बताया कि ब्रह्माकुमारी आश्रम का उद्देश्य देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाना है। उन्होंने बताया कि सिरसा जिले में अब तक लगभग 1.27 लाख लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई जा चुकी है। अभियान के तहत 20 अगस्त तक विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें सिरसा में लगभग ढाई लाख लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने ब्रह्माकुमारी आश्रम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए बेहद आवश्यक हैं।
