सिरसा के वार्ड नंबर 1 में करीब 95 लाख रुपये के विकास कार्य प्रगति पर : चेयरमैन शांति स्वरूप
mahendra india news, new delhi
सिरसा। नगर परिषद सिरसा द्वारा शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप ने JE दीपक क़ायत के साथ वार्ड नंबर 1 में विभिन्न गलियों में करवाए गए तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धाणक धर्मशाला वाली गली, रोशन लाल चक्की वाली गली, निरंकारी वाली गली सहित इनसे जुड़ी कई अन्य गलियों में करवाए जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। चेयरमैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप करवाए जाएं।
चेयरमैन शांति स्वरूप ने बताया कि वार्ड नंबर 1 में करीब 40 लाख रुपये की लागत से गलियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 46 लाख रुपये के विकास कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। इसके अलावा करीब 9 लाख रुपये के रिपेयर एवं मेंटेनेंस कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इस प्रकार वार्ड नंबर 1 में करीब 95 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं या प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर JE दीपक क़ायत ने कहा कि वार्ड नंबर 1 में करवाए गए सभी विकास कार्य पार्षद की निगरानी में करवाए गए हैं और वर्तमान में चल रहे कार्य भी पार्षद की निगरानी में ही करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
चेयरमैन ने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएं। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों में जनता की भागीदारी और निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी गली के निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी या गुणवत्ता संबंधी समस्या दिखाई दे, तो स्थानीय निवासी बेझिझक उन्हें इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार करवाया जा सके।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनता के सहयोग से सिरसा शहर में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
