सिरसा में नशे का कहर, दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गांव में पसरा मातम
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला के कालांवाली गांव में नशे की लत ने 2 और युवकों का जीवन छीन लिया है। जानकारी के अनुसार गांव कालांवाली में 25 साल के राकेश और सुखप्रीत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है दोनों अपने-अपने घरों में मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी राकेश और सुखप्रीत दोनों लंबे समय से नशे के आदी थे। वह दोनों इंजेक्शन के माध्यम से नशे का सेवन करते थे और अक्सर साथ ही नशा करते थे। दोनों अविवाहित थे। वहीं, सुखप्रीत के परिवार में दो भाई हैं। उसका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।
जिला सिरसा के इस गांव में एक ही दिन दो युवकों की मौत से शोक और चिंता का माहौल है। बता दें कि कालांवाली क्षेत्र में इससे पहले भी नशे के कारण कई युवाओं की जान जा चुकी है। इसके बाद भी युवा पीढ़ी में नशे की लत का बढ़ता दायरा गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों मौतों के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
