ऐलनाबाद कन्या विद्यालय जिला स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता में बना ओवरऑल उपविजेता
Ellenabad Girls' School becomes overall runner-up in the district-level legal literacy competition
mahendra india news, new delhi
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में 'दा सिरसा स्कूल' में जिला स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऐलनाबाद की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले भर में ओवरऑल उपविजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विद्यालय में लीगल लिटरेसी सेल के नोडल अधिकारी व राजनीति विज्ञान प्रवक्ता सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धा में ऐलनाबाद कन्या विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में अपनी छाप छोड़ी। विद्यालय की छात्राओं ने क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं स्किट प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर पूरे जिले में विद्यालय दूसरे स्थान पर रहा। अब ये सभी विजेता विद्यार्थी हिसार में आयोजित होने वाली डिवीजन स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सिरसा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी माननीया संतोष भागोटिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला उपस्थित रहे।इन अधिकारियों ने विजेता छात्राओं और विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। प्रवक्ता मीनू सिहाग, प्रवक्ता रणजीत कौर तथा प्रवक्ता रेखा मिश्रा ने विद्यार्थियों की तैयारी में सराहनीय भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्राचार्य विद्याधर बेनीवाल ने पूरी टीम, विजेता छात्राओं, स्टाफ सदस्यों और लीगल लिटरेसी सेल के नोडल अधिकारी सुरेश शर्मा को बधाई दी और उम्मीद जताई कि छात्राएं हिसार में आयोजित होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर लीगल लिटरेसी सेल के जिला नोडल अधिकारी नरेंद्र शमी, 'दा सिरसा स्कूल' की प्राचार्या मनीषा गोदारा, प्राचार्य इंद्रसेन, प्रवक्ता सुखदेव सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे
