नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में माइनर टूटने से किसानों में रोष, गेहूं-सरसों की बिजाई प्रभावित होने का खतरा
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव निर्बाण के समीप रविवार रात्रि 8 PM को गुडियाखेड़ा माइनर टूट गई। माइनर टूटने से करीब 25 फुट का कटाव हो गया, जिसके कारण लगभग 4 एकड़ पंचायती जमीन में पानी भर गया। घटना के बाद किसानों में सिंचाई विभाग के प्रति रोष है। किसानों ने विभाग पर समय पर माइनर की सफाई नहीं करवाने का आरोप लगाया है।
किसानों ने बताया कि माइनर टूटने की घटना को करीब 12 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक सिंचाई विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही माइनर की मरम्मत नहीं करवाई गई तो आसपास के खेतों में भी पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है।
गेहूं और सरसों की बिजाई का सीजन, किसान चिंतित
किसानों के अनुसार इस समय गेहूं और सरसों की बिजाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में माइनर टूटने से खेतों में जलभराव होने पर किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। किसानों ने कहा कि सिंचाई विभाग पहले ही नहरों और माइनरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करवा रहा है। उनका आरोप है कि 16 दिन की बंदी के बाद केवल 8 दिन ही पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों को फसलों की बिजाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।
किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि गुडियाखेड़ा माइनर की जल्द मरम्मत करवाई जाए और पानी के बहाव को नियंत्रित किया जाए, ताकि किसानों की जमीन और फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
