फैशन डिज़ाइन एवं लाइफ स्टाइल टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा फैशन कैप्सूल इन थ्रीडी प्रतियोगिता का आयोजन
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के फैशन डिज़ाइन एवं लाइफ स्टाइल टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा फैशन कैप्सूल इन थ्रीडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार की प्रेरणा से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभाग के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता एवं दक्षता का बढ़-चढ़ कर प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूएसजीएस के डीन प्रोफेसर मोहम्मद काशिफ किदवई ने शिरकत की।
प्रोफेसर किदवई ने सभी छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल सृजनात्मक तरीक़े से किसी कार्य को संपन्न करने के साथ ही उसकी प्रस्तुति पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। ऐसे में चहुंमुखी विकास ही हम सबका ध्येय होना चाहिए। उन्होंने विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता एवं विभाग के विभिन्न क्रियाकलापों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का मनोबल आसमान छूने लगता है।
उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहें ताकि छात्र-छात्राएं इसी प्रकार अपने जीवन के सुनिर्माण में जुटे रहें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने समस्त विद्यार्थियों के जीवन-निर्माण के लिए मार्ग प्रबंधन के लिए कृतसंकल्प है।
विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए फैशन कैप्सूल इन थ्रीडी विषयक मॉडल्स् की प्रदर्शनी विभाग में ही लगाई गई। अलग-अलग विषयवस्तुओं पर बनाए गए इन मॉडल में देशी-विदेशी एवं ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस प्रतियोगिता में यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज की प्राध्यापक डॉ. टिम्सी मेहता, डॉ. नीतू खत्री एवं डॉ. चनप्रीत कौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मनप्रीत एवं निशा का रॉयल हैंगर मॉडल रहा। इसके साथ ही द्वितीय स्थान पर सुखप्रीत एवं ऋद्धि का फैशन लैब मॉडल रहा। वहीं अनु एवं अर्शदीप का पंजाबी विरसा मॉडल तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि प्रोफेसर किदवई के द्वारा अवार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विभाग की प्राध्यापक डॉ. गुरप्रीत कौर, डॉ. रूपिंदर कौर, डॉ. बेअंत कौर, कनिष्का एवं कंचन ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
