सिरसा के पूर्व DEO बूटा राम का निधन, 35 साल से अधिक समय तक शिक्षा विभाग में दी सेवाएं
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
शिक्षा विभाग सिरसा के सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बूटा राम के निधन का समाचार सामने आया है। उनके निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर है। उन्होंने शिक्षा विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं और शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दिया।
बूटा राम ने 7 नवंबर 1991 को धांसू के राजकीय स्कूल में विज्ञान अध्यापक के पद पर अपनी सेवाएं शुरू की थीं। दिसंबर 1997 में लेक्चरर पद पर पदोन्नति मिलने के बाद उन्होंने राजकीय स्कूल डबवाली में कार्य किया।
इसके बाद 9 नवंबर 2004 को उन्हें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहुवाला द्वितीय में प्रधानाचार्य के पद पर पदोन्नति मिली। वर्ष 2016 में उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 24 अगस्त 2020 को उप जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया।
मार्च 2021 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उन्हें जिला परियोजना अधिकारी (DPC) के पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला परियोजना अधिकारी (DPC) और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) सिरसा सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं।
शिक्षा विभाग में उनका लंबा अनुभव और योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से शिक्षा विभाग ने एक अनुभवी अधिकारी को खो दिया है।
