सिरसा में लाखों रुपये की हेरोइन सहित स्कार्पियो सवार चार युवक गिरफ्तार
mahendra india news, new delhi
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो सवार चार युवकों को लाखों रूपए की 68.84 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
CIA सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सीआईए की एक टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान बाल्मीकि चौक से होते हुए सरकारी अस्पताल की ओर जा रही थी। सरकारी अस्पताल के नजदीक पहुंचने पर सामने से एक स्कार्पियो गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस की गाड़ी को देखकर स्कार्पियो सवार युवकों ने अचानक गाड़ी वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी अचानक बंद हो गई।
शक होने पर पुलिस टीम ने गाड़ी में सवार चारों युवकों को काबू कर लिया। सीआईए प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुनाल उर्फ तनु पुत्र हिन्दराज मैहता निवासी गांव ढाबा, दीपक उर्फ टिंकु उर्फ कटला निवासी मेला ग्राउंड सिरसा, शिवा पुत्र बिरु तथा रोहित पुत्र राजपाल निवासी गौशाला मोहल्ला सिरसा के रूप में हुई है। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपितों के कब्जे से 68 ग्राम 84 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शहर थाना पुलिस को सौंप दी है। आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान हेरोइन की खरीद-फरोख्त, सप्लायर तथा नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जांच में सामने आने वाले सभी आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
