home page

एम.एम. कॉलेज की बालिका पंचायत की छात्राओं ने CDLU के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार से की मुलाकात

 | 
Girls Panchayat students of M.M. College met CDLU Vice Chancellor Prof. Vijay Kumar

 Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार से एम.एम. कॉलेज की बालिका पंचायत की छात्राओं ने बुधवार को उनके कार्यालय स्थित कमेटी रूम में उनसे मुलाकात की। इस दौरान छात्राओं ने कॉलेज से संबंधित विभिन्न विभागीय कार्यों, सुविधाओं एवं भावी योजनाओं के बारे में कुलगुरु को अवगत करवाया।

बैठक में कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने छात्राओं की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि छात्र कल्याण तथा महिला शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बालिका पंचायत जैसे मंच न केवल छात्राओं को नेतृत्व क्षमता प्रदान करते हैं बल्कि समाज में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने का भी माध्यम बनते हैं। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास, महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. मिनाक्षी कोहली तथा जीव विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक प्रो. श्रुति भी मौजूद रहीं। डॉ गुरचरण दास ने कहा कि एम एम कॉलेज की मैनेजमेंट विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध है और उसी दिशा में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से बालिका पंचायत का गठन किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह सीडीएलयू से संबंधित महाविद्यालयों में एम एम कॉलेज, फतेहाबाद पहला ऐसा महाविद्यालय है जहां पर बालिका पंचायत का गठन किया गया है।  

बैठक के दौरान बालिका पंचायत की सरपंच इमैजिन ने अपने कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि बालिका पंचायत का उद्देश्य केवल छात्राओं की समस्याओं को प्रबंधन तक पहुँचाना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। साथ ही सभी सदस्याओं ने भी अपने-अपने विभागीय व सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। छात्राओं ने बताया कि वे शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा और महिला जागरूकता कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। अंत में छात्राओं ने कुलगुरु का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।