विकास हाई स्कूल SIRSA का स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से संपन्न
mahendia india news, new delhi
सिरसा। विकास हाई स्कूल का स्वर्ण जयंती समारोह चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के सभागार में हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा बीज विकास निगम के चैयरमेन देव कुमार शर्मा ने शिरकत की। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वूडलेंड के पूर्व चीफ जनरल मैनेजर पीके शर्मा, आयकर अधिवक्ता रमेश गोयल एवं आढ़ती एसोसिएशन सिरसा के प्रधान प्रेम बजाज ने उपस्थिति दर्ज करवाई। जबकि अध्यक्षता सिरसा एसपी दीपक सहारण ने की।
विद्यालय के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के उच्च पदों पर आसीन 5 विद्यार्थियों सुरूचि, चंद्रप्रकाश, रंजन शर्मा, आशु गोयल व अमित बांसल को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय की पूर्व शिक्षिकाओं अनीता शर्मा, रेणु मग्गु, सीमा छाबड़ा, बिंदु सोनी, मीना, प्रवीन, मोनिका अरोड़ा व रेखा शर्मा को भी विशेष सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। इस दौरान विगत वर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को भी अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिसार से पधारीं महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल व कॉलेज की प्रबंधन कमेटी ने स्वर्ण जयंती पर विद्यालय की प्राचार्या सीमा वत्स व मैनेजर विशाल वत्स को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय को आरंभ करने वाली शमीम शर्मा को शिक्षा का विश्वकप देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि कैसे विषम परिस्थितियों में सीमित साधनों में मात्र 16 वर्ष की आयु में विद्यालय की नींव रखी।
विद्यालय आज भी साधारण शुल्क में असाधारण शिक्षा के लक्ष्य को लेकर चल रहा है। विद्यालय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय प्राचार्या सीमा वत्स ने बताया कि हर वर्ष विद्यालय के परिणाम शानदार रहते हैं। विगत 3 वर्षों में विद्यालय का परिणाम 100 प्रतिशत रहा है। मुख्यातिथि ने कहा कि 50 वर्ष पूरे होना किसी भी विद्यालय के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। विशिष्ट अतिथि रमेश गोयल ने कहा कि आरंभ से वे इस विद्यालय से जुड़े हंै और पल-पल के साक्षी हंै। अध्यक्षीय भाषण में एसपी सिरसा दीपक सहारण ने कहा कि शिक्षा में मेहनत व लगन के साथ-साथ आसपास की घटनाओं पर भी नजर रखें।
नशे जैसी चीजों से दूर रहें, नैसर्गिक चीजों जैसे हवा व पानी को शुद्ध रखें। जीवन में ऊंचे लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ें। नरेंद्र ने विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। मंच संचालन मोनिका बामनियां ने किया। इस अवसर पर शुभ शर्मा, नीलम प्रभा, अंजू सेतिया, पूर्णिमा शर्मा, मीना मेहता, घनश्याम मेहता, भूपेंद्र जैन, नरेंद्र ग्रोवर, नरेंद्र खुराना, इंद्रजीत सेतिया, ज्योति सेतिया, एडवोकेट कपिल शर्मा, सुशांत मग्गू, सरला शर्मा (हिसार), मधु, ईना, भारत भूषण प्रधान, एमआर वशिष्ठ, सुरेश गौतम उपस्थित थे। अंत में विशाल वत्स ने आए हुए अतिथियों का, अभिभावकों, शिक्षकों, बच्चों व अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ स्वर्ण जयंती समारोह का समापन हुआ।
