home page

सिरसा में हरियाणा ग्रामीण महोत्सव का भव्य शुभारंभ, महिला स्वयं सहायता समूहों के हस्तनिर्मित एवं स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

 | 
Grand inauguration of the Haryana Rural Festival in Sirsa; an exhibition of handmade and indigenous products by women's self-help groups emerges as the center of attraction

mahendra inida news, new delhi
 ग्रामीण महिलाओं के हुनर, उद्यमशीलता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नाबार्ड द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय हरियाणा ग्रामीण महोत्सव का आज बाल भवन, सिरसा में भव्य शुभारंभ हुआ। नाबार्ड हरियाणा क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ से उप महाप्रबंधक सतपाल चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नाबार्ड ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ऐसे आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़ना, उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना तथा ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए विपणन एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महोत्सव में हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला स्वयं सहायता समूहों  द्वारा तैयार किए गए विशेष हस्तनिर्मित एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। इनमें हस्तशिल्प, कढ़ाई एवं पारंपरिक कलाकृतियां, खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा अन्य ग्रामीण उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध पारंपरिक कला, संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की रचनात्मकता व स्थानीय उद्यमशीलता की झलक देखने को मिल रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नाबार्ड जिला विकास प्रबंधक, सिरसा स्वरदीप सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को उचित बाजार उपलब्ध करवाने के लिए नाबार्ड लगातार विभिन्न पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव महिला उद्यमियों का आत्मविश्वास बढ़ाने, उनके उत्पादों की बाजार में पहचान स्थापित करने और उनकी आय के अवसरों को विस्तार देने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने नागरिकों से महोत्सव में पहुंचकर महिला उद्यमियों के उत्पाद खरीदने और उनका उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।

WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने, उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर नाबार्ड कार्यालय से रोहित शर्मा, पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान निदेशक जितेश कम्बोज, दलबीर, कोआॅपरेटिव बैंक से जगदीप सिंह, एक्सपर्ट संस्था से विनीत छाबड़ा, इफको से संदीप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि उपस्थित रहीं। महोत्सव 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को बाल भवन, बरनाला रोड, सिरसा में आयोजित किया जा रहा है। आमजन के लिए प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क है। नागरिकों से अपील है कि वे महोत्सव में पहुंचकर ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों की खरीदारी करें और उनके हुनर एवं आत्मनिर्भरता की इस पहल को अपना समर्थन दें।