Haryana: हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत, विद्युत विभाग ने शुरू की ये खास सुविधा

Haryana News: हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के अध्यक्ष नन्द लाल शर्मा ने नव वर्ष 2025 के अवसर पर पंचकूला में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के विद्युत क्षेत्र में सुधार के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण बिजली प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने की सलाह दी।
नन्द लाल शर्मा ने कहा कि आयोग का कार्य हमेशा सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा। आयोग ने यह सुनिश्चित करने की बात की कि टैरिफ ऑर्डर 30 मार्च से पहले जारी किए जाएं और आयोग में लंबित सभी याचिकाओं का शीघ्र निपटान किया जाए। साथ ही, उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच में दर्ज शिकायतों का समाधान 6 माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
नन्द लाल शर्मा ने आयोग के अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यों में आधुनिक तकनीक और नवीन दृष्टिकोण अपनाएं। इससे कार्यों में सुधार होगा और विद्युत क्षेत्र में नई ऊंचाईयों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने अन्य राज्यों के विद्युत विनियामक आयोगों और केंद्रीय विद्युत विनियामक आयोग को ऑर्डर्स का गहन अध्ययन करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे विद्युत सुधारों का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम के दौरान नन्द लाल शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर विद्युत क्षेत्र में सुधार के लिए उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए हर विभाग की प्रगति का जायजा लिया और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।