CDLU SIRSA में शांति, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार हेतु हवन कार्यक्रम का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के प्रशासन द्वारा परिसर में शांति, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार हेतु एक विशेष हवन कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक भवन के निकट किया गया। विश्वविद्यालय समुदाय के मानसिक कल्याण और आंतरिक शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार तथा कुलसचिव डॉ सुनील कुमार ने मुख्य यजमान के रूप में हवन सम्पन्न किया।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु ने इस अवसर पर कहा कि हवन को भारतीय परंपरा में शुद्धिकरण, ऊर्जा-वृद्धि और मानसिक संतुलन का माध्यम माना गया है। यह सामूहिक यज्ञ न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है, बल्कि कार्यस्थल पर सुव्यवस्थित, सौहार्दपूर्ण और ऊर्जा-संपन्न वातावरण तैयार करने में भी सहायक होता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि आध्यात्मिक एकता संस्थान की उत्पादकता और सामूहिक संवेदनशीलता को मजबूत करती है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार सहित डीन, निदेशक, चेयरपर्सन, विभागाध्यक्ष एवं शाखा अधिकारी, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी हवन में सम्मिलित हुए।
