जेसीडी विद्यापीठ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उल्लास एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया, कार्यक्रम का शुभारंभ शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मान देने की अनूठी पहल के साथ हुआ, जिसमें विद्यापीठ के विभिन्न कॉलेजों की टॉपर छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त की वहीं, एनसीसी एवं एनएसएस यूनिट ने अनुशासित एवं प्रभावशाली मार्च-पास्ट की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह सेवानिवृत्त, जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश, कुलसचिव डॉ. सुधांशु गुप्ता सहित सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के संयोजक जेसीडी मेमोरियल कॉलेज के कोऑर्डिनेटर एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. अमरिक गिल तथा स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. कुलदीप रहे। मंच का संचालन कोमल गोस्वामी ने किया।

इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता, विविधता और गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने मातृभूमि की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके साहस और समर्पण से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति और विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति है और उसे शिक्षा, अनुशासन, मेहनत तथा सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए समाज में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और लघु नाटिकाओं के जरिए भारतीय सेना के योगदान, भारतीय संस्कृति के मूल्यों और स्वतंत्रता के महत्व को दिखाया।

इन प्रस्तुतियों ने सभी को भावुक कर दिया और पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस सम्मान का उद्देश्य न केवल उनकी उपलब्धियों को सराहना देना था, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करना था ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इसी तरह मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर सभी ने स्वतंत्रता दिवस का भरपूर आनंद लिया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
