हिंदुओं को माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज, कटरा में सीट वितरण में मिले पूरा हक: विहिप
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज, कटरा में सीट वितरण संबंधी समीक्षा हेतु विश्व हिंदु परिषद की िजला इकाई ने उपायुक्त के मार्फत राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजा है। राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में जिला उपाध्यक्ष राकेश कटारिया ने बताया कि विहिप माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज, कटरा (जम्मू-कश्मीर) में हाल ही में हुए सीट वितरण की ओर आपका ध्यान दिलवाना चाहती है।
यह पावन संस्थान देश के करोड़ों भक्तों की आस्था से जुड़ा है तथा इसके निर्माण एवं प्रबंधन में भारी सार्वजनिक निधि का उपयोग हुआ है, जिसमें लगभग 500 करोड़ की राशि भक्तों द्वारा दानस्वरूप प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि कुल 50 सीटों में से लगभग 42 सीटें एक ही समुदाय के विद्यार्थियों को आवंटित की गई हैं, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों एवं बहुसंख्यक हिंदू समाज के बीच असंतोष उत्पन्न हो गया है। माता वैष्णो देवी धाम की पवित्रता एवं इससे जुड़े संस्थान की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि सीट वितरण की प्रक्रिया में संतुलन, पारदर्शिता और न्यायपूर्ण नीति अपनाई जाए।
सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि भारत के संविधान में निहित समान अवसर, न्याय एवं पारदर्शिता के मूल्यों को ध्यान में रखते हुए आपसे विनम्र प्रार्थना है कि माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज में हुए सीट वितरण मामले की एक निष्पक्ष और उच्च-स्तरीय जांच करवाई जाए। यदि किसी प्रकार की असंतुलित, पक्षपातपूर्ण या समुदाय विशेष को प्रोत्साहित करने वाली नीति अपनाई गई हो, तो उसपर पुनर्विचार किया जाए तथा सभी समुदाय एवं स्थानीय योग्य विद्यार्थियों के हित में उपयुक्त संशोधन किए जाएं।
भविष्य में ऐसे पवित्र स्थलों से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों में सीट वितरण प्रक्रिया को पूर्णत: पारदर्शी, संतुलित एवं न्यायसंगत सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज में हिंदुओं का पैसा लगा है, लेकिन यहां हिंदुओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनकी भारत सरकार से भी मांग है कि इस मुद्दे पर त्वरित विचार करते हुए हिंदुओं को न्याय दिलाया जाए।
