चौपटा क्षेत्र में हिसार घग्घर ड्रेन सेमनाला टूटा, 20 घंटे में कड़ी मेहनत के बाद पाया काबू, एक हजार एकड़ में फसल डूबी
हिसार घग्घर ड्रेन सेमनाला फतेहबाद जिला के गांव जंडवाला बांगड व चौपटा क्षेत्र के चाहरवाला गांव के समीप अचानक टूट गया। इससे जंडवाला बागड़ व शक्करमंदोरी के खेतों में एक हजार एकड़ में खड़ी फसल जलभराव से डूब गई है। सेमनाला में आए कटाव को 20 घंटे में कड़ी मेहनत से ग्रामीणों की मदद से काबू पाया गया। सेमनाला में आए कटाव को रोकने के लिए फतेहाबाद व सिरसा जिला के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गौरतलब है कि इन गांवों में एक सप्ताह पूर्व भी हिसार घग्घर ड्रेन टूट गई थी।
रात्रि के समय आया कटाव
जानकारी के अनुसार हिसार घग्घर डे्रेन में बुधवार रात्रि करीबन 7 बजे 60 फुट कटाव हो गया। इससे खेतों की तरफ तेजी से पानी बढ़ने लगा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को दी। वीरवार सुबह से सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं। सेमनाला में आए कटाव को रोकने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे हिसार घग्घर ड्रेन में आए कटाव को रोका गया।
एक हजार एकड़ में फसल डूबी
हिसार घग्घर ड्रेन टूटने से चाहरवाला, शक्करमंदोरी व जंडवाला बागड़ के किसानों की करीबन एक हजार एकड़ में फसल डूब गई। किसानों ने यहां पर नरमा, कपास, मंगू, ग्वार व बाजरी की बिजाई की हुई थी। किसान जगदीश, रामकुमार व राय ङ्क्षसह ने बताया कि बरसात से पहले भी फसलों का नुकसान था। अब खेतों में जलभराव हो गया। इससे अब अगली फसल बिजाई करने में परेशानी आएगी। क्योंकि सेम की समस्या होने पर पानी कई दिनों से खड़ा रहेगा।
समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा की टीम ने चाय पानी की व्यवस्था
सेमनाला में आए कटाव को रोकने के लिए ग्रामीण व मनरेगा मजदूरों की मदद ली गई। समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा की टीम ने कटाव को रोकने के लिए एकत्रित लोगों के लिए चाय व पानी के कैंपर उपलब्ध करवाए। समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा ने बताया कि सेमनाला पर कटाव वाले जगह पर चाय पानी की व्यवस्था की जा रही है। ताकि कटाव को समय पर बांधा जा सके।
बार बार टूट रहा है सेमनाला
गौरतलब है कि इससे पहले सिरसा जिला के गांव मोडिया खेड़ा में हिसार घग्घर ड्रेन गया था। सेमनाला के टूटने से नरमा व धान की करीबन एक हजार एकड़ फसल डूब गई थी। सेमनाला के टूटने की ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये। वहीं हिसार घग्घर ड्रेन में पिछले कई से लगातार जल स्तर बढ़ रहा है। इससे गांव नाथूसरी कलां में दो दिन पहले ओवरफ्लो हो गई। इसी के साथ गुडिया खेड़ा में भी दो बार लीकेज हो चुका है।
