युवा ग्राम पंचायत में छात्रों ने गुडिय़ा खेड़ा से माधोसिंघाना सडक़ का जीणौद्वार करने की उठाई मांग
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव गुडिय़ा खेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मे वीरवार को खंड स्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के सौजन्य से आयोजित की गई ।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं व 11वीं के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों ने गांव से जुड़े सामाजिक मुद्दों जैसे नशा, दहेज प्रथा,बाल विवाह, प्रदूषण, स्वच्छता अभियान इत्यादि मुद्दों को ग्राम पंचायत में रखा गया इसके अलावा गांव गुडय़िा खेड़ा से माधोसिंघाना सडक़ की जर्जर हालत को ठीक करने, गांव में सीसीटीवी कैमरा लगवाने, गांव के सरकारी स्कूल से गांव के मुख्य चौक तक सडक़ ठीक करवाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ग्राम सभा में सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद आम सहमति से निर्णय लिए गए।
प्रतियोगिता की तैयारी इतिहास प्रवक्ता संतलाल, प्रवक्ता रूपेश कुमार, लिपिक नरेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई। डीआरयू प्रभारी डॉ. अनिल बिश्नोई ने बताया कि यह प्रतियोगिता 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक जिला के 26 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयो में आयोजित की गई है। कार्यक्रम में छात्रा अनु ने सरपंच की भूमिका निभाई, जबकि रविना ने ग्राम सचिव की भूमिका अदा की। निर्णायक मंडल में राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता जगदीश बराच व प्रवक्ता सुरेश शर्मा ने इस युवा ग्राम पंचायत की भूमिका का अवलोकन किया।
प्रवक्ता जगदीश बराच ने बताया कि आज खंड स्तरीय इस प्रतियोगिता का अंतिम दिन है। जिन विद्यालयो में प्रतियोगिता हुई है उनका जल्द ही परिणाम जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए सहायक पुस्तकों के स्थान पर पाठ्य पुस्तकों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य उमेद सिंह ढाका ने आए हुए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया वह विद्यार्थियों को बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता बढ़ती है।
इस अवसर पर गांव की सरपंच मंजू भाटिया, हनुमान सांगवान, सतपाल खीचड़, महेश कुमार, बीरबल ढाका, जयपाल हुड्डा, प्रवक्ता रोहतास गोदारा, प्रवक्ता नवनीत चांडक, पंकज कुमार ,चांदीराम, सुधीर कुमार, संदीप कुमार,दीपक कुमार, लिपिक नरेश कुमार, कृष्ण कुमार ,रणवीर मुकेश कुमार, शकुंतला, नीतू सहित सभी समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहे।
