home page

बरसात के मौसम को देखते हुए सिरसा जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, ये रखें ध्यान

 | 
In view of the rainy season, Sirsa district administration has issued an advisory, keep these things in mind
mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के सिरसा जिले में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है, वहीं घग्गर नदी के जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन सिरसा द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी में नागरिकों से अगले दो-तीन दिनों तक बेवजह घर से बाहर न निकलने और बारिश के कारण जमा हुए पानी वाले क्षेत्रों से अनावश्यक आवागमन न करने की अपील की गई है। इसके अलावा बिजली के पोल व नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

सिरसा के डीसी शांतनु शर्मा ने आमजन से अपील की कि बारिश के मौसम को देखते हुए नागरिक बिना किसी आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों से निकलने से बचें, इसके अलावा नदी-नालों से भी दूर रहें, क्योंकि कई बार पानी की गहराई और तेज बहाव के चलते हादसों का खतरा बढ़ सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है और अपील की कि जलभराव वाले रास्तों पर वाहन न ले जाएं।


इसके अलावा बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है, इसलिए लोगों को खुली तारों, बिजली के खंभों और गीले स्थानों पर पड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की गई है। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि नगर परिषद और नगर पालिका की टीमें पानी निकासी के लिए भी लगातार कार्य कर रही है, पंपिंग सेट की मदद से जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकाला जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है तथा जिला में स्थिति सामान्य है। घग्गर नदी के आसपास स्थित गांवों के ग्रामीणों को तटबंध टूटने या पानी के रिसाव का खतरा हो तो संबंधित पटवारी, ग्राम सचिव, सिंचाई विभाग, फ्लड कंट्रोल रूम नंबर 01666-248882 या उपायुक्त कैंप कार्यालय दूरभाष नंबर 01666-248880 पर सूचित किया जा सकता है।

WhatsApp Group Join Now