रक्षा मंत्रालय की टीम द्वारा सैनिक स्कूल खारा खेड़ी का निरीक्षण
mahendra india news, new delhi
सैनिक स्कूल सोसाइटी रक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सैनिक स्कूल कुंजपुरा की उपप्रधानाचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा ने दो अन्य अधिकारियों की एक टीम के साथ सैनिक स्कूल खारा खेड़ी का त्रैमासिक निरीक्षण किया। स्कूल निदेशिका डॉ० ज्योत्स्ना एवं स्कूल प्रशासक श्री विक्रमादित्य द्वारा स्कूल पहुंचने पर उनका हार्दिक स्वागत किया गया।
स्कूल कमांडेंट कर्नल (डॉ०) डीवी नेहरा द्वारा स्कूल की गतिविधियों के बारे में उन्हें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने स्कूल के विभिन्न हिस्सों जैसे शैक्षणिक ब्लॉक, प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण क्षेत्रों, छात्रावासों और कैडेट्स मैस आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल के सभी दस्तावेजों का निरीक्षण किया एवं विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए छात्रावास भवन का भी गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा ने न्यू सैनिक स्कूल द्वारा अपने अल्पकालीन अस्तित्व में शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सभी क्षेत्रों में प्रदर्शित उत्कृष्ट प्रगति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विद्यालय की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, अनुशासन, आधारभूत संरचना एवं भविष्य की योजनाओं से वे अत्यंत प्रभावित हुई।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी भाग्यशाली हैं क्योंकि आप भारतवर्ष के 80 न्यू सैनिक स्कूलों में से सबसे बेहतरीन न्यू सैनिक स्कूल खारा खेड़ी में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसलिए विद्यालय में उपलब्ध सभी सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाएं ताकि एनडीए में जाने का आपका सपना साकार हो। तत्पश्चात उन्होंने सभी अध्यापकों के साथ वार्तालाप करते हुए उनका धन्यवाद किया कि उनके मार्गदर्शन से ही कैडेट्स विभिन्न प्रकार की राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
स्कूल चेयरमैन डॉ० युद्धवीर सिंह ने स्कूल के सफलतापूर्ण निरीक्षण के लिए सभी अध्यापकों, प्रशिक्षकों व कैडेट्स को बधाई दी तथा कहा कि यह निरीक्षण न्यू सैनिक स्कूल की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
