home page

किसानों की मांग सुनने की बजाय पुलिस से पिटवा रही भाजपा सरकार: चौधरी अभय सिंह चौटाला

 | 
Instead of listening to the farmers' demands, the BJP government is having them beaten by the police: Chaudhary Abhay Singh Chautala

mahendra india news, new delhi
इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों को हिरासत में लेने और उनके साथ पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की करने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की जायज मांगों को सुनने के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। किसानों को अपने हक की मांग करने पर गिरफ्तार करना और उनके कपड़े तक फाड़ देना सरकार की तानाशाही और संवेदनहीनता का परिचायक है।


अभय सिंह चौटाला ने कहा कि गन्ने की खेती में लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, डीजल, बिजली, मजदूरी और सिंचाई के खर्च ने किसान की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य देने से बच रही है। किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव की मांग कर रहे हैं, जो उनकी लागत और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए जायज है। सरकार को किसानों के साथ बातचीत कर समस्या का समाधान निकालना चाहिए, न कि पुलिस की लाठियों और गिरफ्तारियों से आंदोलन को कुचलने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों से चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सत्ता में आते ही किसानों को उनके हाल पर छोड़ देती है।

किसानों को मंडियों से लेकर खेतों तक लगातार परेशान किया जा रहा है और अब अपनी मांग रखने पर उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। अभय सिंह चौटाला ने सरकार से गिरफ्तार किसानों को तुरंत रिहा करने, गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों के साथ सम्मानजनक बातचीत कर उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के अधिकारों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इनेलो किसानों के संघर्ष में मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी।

WhatsApp Group Join Now