home page

CDLU सिरसा में अंतरमहाविद्यालय मीडिया क्विज प्रतियोगिता आयोजित, जेसीडी विद्यापीठ मेमोरियल कॉलेज की टीम रही प्रथम

 
Inter-college media quiz competition held at CDLU Sirsa; team from JCD Vidyapeeth Memorial College secures first place
 | 
NEWS

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय  सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा विद्यार्थियों के मीडिया ज्ञान, सामान्य जागरूकता एवं बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरमहाविद्यालय मीडिया क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित सात रोचक राउंड आयोजित किए गए। इनमें प्रिंट मीडिया, रेडियो, टेलीविजन, विज्ञापन, डिजिटल मीडिया, सिनेमा तथा पारंपरिक लोक मीडिया से संबंधित प्रश्न शामिल थे। विद्यार्थियों ने सभी राउंड में अपनी विषयगत समझ, त्वरित निर्णय क्षमता और मीडिया संबंधी ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में जेसीडी विद्यापीठ मेमोरियल कॉलेज की टीम   ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में दिलबाग सिंह, हरविंदर और कृष्परित शामिल रहे। सीएमके पीजी कॉलेज की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसमें एंजेल, रवि और काजल प्रतिभागी रहे। वहीं, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम में अमानत, प्रिंस और हीना  शामिल रहे।

प्रतियोगिता का संचालन  विभागाध्यक्ष प्रो. सेवा सिंह बाजवा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विभाग की नियमित शैक्षणिक गतिविधियों का हिस्सा हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ मीडिया जगत की व्यावहारिक जानकारी से जोड़ना तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा की इस कार्यक्रम का आयोजन सीडीएलयू के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में किया गया।
प्रो. अमित सांगवान ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए प्रिंट, रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया सहित संचार के विभिन्न माध्यमों की व्यापक समझ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मीडिया क्विज प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान को परखने के साथ-साथ उनकी तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण के साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक अधिगम के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वे भविष्य की मीडिया चुनौतियों के लिए स्वयं को सक्षम बना सकें।कार्यक्रम को सफल बनाने में शोधार्थी  डिंपल, आकाश , सोनिका तथा सोनिया ने महत्वपूर्ण भूमिका  निभाई। इस अवसर पर प्राध्यपक डॉ. कृष्ण, गुरमीत और रेनू भी उपस्थित रहे।