home page

सिरसा में गूंजा जे.ई. एकता का शंखनाद, HARYANA भर से उमड़े जे.ई. ने दिखाई अभूतपूर्व एकजुटता

 | 
The clarion call for Junior Engineer (JE) unity resonated in Sirsa; JEs from across Haryana turned out in large numbers, demonstrating unprecedented solidarity

Mahendra india news, new delhi
एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा आज सिरसा में आयोजित जे.ई. एकता एवं संघर्ष कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे जे.ई. साथियों ने अभूतपूर्व एकता, उत्साह एवं संघर्षशीलता का परिचय दिया। प्रदेश के विभिन्न जिलों की नेतृत्व इकाइयों तथा बड़ी संख्या में संघर्षशील जे.ई. साथियों की उपस्थिति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जे.ई. संवर्ग अपने अधिकारों, सम्मान एवं भविष्य की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट है।

कार्यक्रम के दौरान चलो सिरसा, पहुंचो सिरसा के आह्वान पर प्रदेशभर से पहुंचे जे.ई. साथियों ने संगठन के बैनर तले अपनी न्यायोचित मांगों को जोरदार ढंग से उठाया तथा आगामी 11, 12 एवं 13 अगस्त 2026 की राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रदेशभर से पहुंचे जे.ई. साथियों ने एकजुट होकर संगठन की मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में गूंजते नारों मांगें हमारी पूरी हों, चाहे जो मजबूरी हो, हमारा संघर्ष-कामयाब हो, एक ही झंडा—एक ही बैनर—एक ही संगठन ने जे.ई. संवर्ग की एकजुटता और संघर्ष के संकल्प को और मजबूत किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु धनखड़ एवं प्रदेश महासचिव विपिन भारद्वाज ने बताया कि 07 अगस्त 2026 को आदित्य दहिया, प्रबंध निदेशक, एचवीपीएनएल-एचपीजीसीएल, एवं विक्रम, प्रबंध निदेशक, यूएचबीवीएनएल/डीउचबीवीएनएल की संयुक्त अध्यक्षता में एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की केंद्रीय परिषद के साथ विस्तृत बैठक आयोजित हुई थी।

बैठक में संगठन द्वारा जे.ई. संवर्ग के मांग-पत्र की प्रत्येक मांग को सशक्त, तथ्यपूर्ण एवं तर्कसंगत तरीके से निगम प्रबंधन के समक्ष रखा गया। निगम प्रबंधन की ओर से संगठन की मांगों पर पुन: गंभीरता से विचार करने तथा शीघ्र ही पुन: बैठक आयोजित कर सकारात्मक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आश्वासन दिया गया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक जे.ई. संवर्ग की न्यायोचित मांगों पर ठोस एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक 11, 12 एवं 13 अगस्त 2026 की राज्यव्यापी हड़ताल की कॉल यथावत रहेगी।

WhatsApp Group Join Now


पैरलल लाइसेंसिंग एवं हरियाणा एग्री डिस्कॉम का विरोध:
संगठन पदाधिकारियों ने दोहराया कि उनका आंदोलन मुख्य रूप से पैरलल लाइसेंसिंग, हरियाणा एग्री डिस्कॉम तथा जे.ई. संवर्ग की वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए है। एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन का मानना है कि बिजली क्षेत्र से जुड़े किसी भी बड़े नीतिगत निर्णय में निगमों के हित, किसान हित, आम उपभोक्ताओं के हित तथा कर्मचारियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संगठन पूर्णत: गैर-राजनीतिक:
संगठन ने पुन: स्पष्ट किया कि एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन पूर्णत: गैर-राजनीतिक संगठन है। संगठन किसी भी राजनीतिक दल अथवा राजनीतिक विचारधारा से प्रेरित नहीं है। प्रदेश सरकार एवं निगम प्रबंधन के साथ संगठन का उद्देश्य सदैव रचनात्मक संवाद, सकारात्मक समन्वय एवं तथ्यपूर्ण वार्ता के माध्यम से जे.ई. संवर्ग की न्यायोचित मांगों का समाधान सुनिश्चित करना रहा है।


संगठन ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार एवं निगम प्रबंधन निगम हित, किसान हित, आम जनता के हित तथा कर्मचारी हित को ध्यान में रखते हुए संगठन की न्यायोचित मांगों पर समय रहते सकारात्मक एवं ठोस निर्णय लेते हैं, तो संगठन सरकार के इस सकारात्मक कदम का स्वागत करेगा और प्रस्तावित हड़ताल की आवश्यकता ही नहीं रहेगी।


हड़ताल की तैयारियां तेज करने का आह्वान:
सिरसा कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद संगठन ने प्रदेशभर के सभी जे.ई. साथियों से अपील की कि वे आगामी 11, 12 एवं 13 अगस्त 2026 की राज्यव्यापी हड़ताल की तैयारियों को और तेज करें तथा प्रत्येक उपमंडल, मंडल एवं जिले में संगठन के कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जोश के साथ सफल बनाएं। प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु धनखड़ ने कहा कि आज सिरसा में जे.ई. साथियों की एकजुटता ने यह साबित कर दिया है कि जब जे.ई. संवर्ग एक आवाज में बोलता है, तो उसकी आवाज को नजरअंदाज करना संभव नहीं है। प्रदेश महासचिव विपिन भारद्वाज ने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी एवं साथी जे.ई. संवर्ग के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहा है। संगठन की आगामी कॉल का पूरी एकजुटता, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन किया जाएगा। सर्कल सिरसा अध्यक्ष किशोर कंबोज ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जे.ई. साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिरसा में दिखाई गई एकजुटता संगठन की मजबूती और जे.ई. संवर्ग के संघर्ष के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने सभी साथियों से आगामी कार्यक्रमों एवं राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए पूरी एकजुटता, अनुशासन और जोश के साथ कार्य करने का आह्वान किया।