लुवास व पशुपालन विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित गांव मानक दीवान एवं रूपाना खुर्द में क्लीनिकल एवं जागरूकता कैंप का आयोजन
mahendra india news, new delhi
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय हिसार के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में, विस्तार शिक्षा निदेशालय हिसार एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग हरियाणा के सहयोग से पशु विज्ञान केंद्र सिरसा द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र गाँव मानक दीवान एवं रूपाणा, जिला सिरसा में एक दिवसीय क्लीनिकल सह जागरूकता कैंप आयोजित किया गया।
इस कैंप में 130 से अधिक किसानों ने भाग लिया। पशुपालकों को लुवास व पशुपालन विभाग द्वारा नि:शुल्क दवाइयाँ एवं खनिज मिश्रण वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. महावीर चौधरी, विस्तार विशेषज्ञ ने बाढ़ से पहले, दौरान और बाद में पशुओं की सुरक्षा हेतु उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने चारे और पानी का सुरक्षित भंडारण, पशुओं को ऊँचे स्थानों पर ले जाना, दवाइयों का स्टॉक रखने जैसे व्यावहारिक उपाय समझाए।
कैंप के दौरान पशुपालकों को विशेष रूप से आगाह किया गया कि बाढ़ के समय पशुओं को दूषित पानी न पिलाएँ और सड़ा-गला चारा न खिलाएँ। पशु शेड की नियमित सफाई, गर्भवती एवं छोटे पशुओं की विशेष देखभाल, तथा फूट रॉट, दस्त, चमड़ी रोग, एचएस, बीक्यू, एंटरोटॉक्सिमिया, एफएमडी और एंथ्रेक्स जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।
कैंप को सफल बनाने में डॉ. रविन्द्र तनेजा तथा डॉ. बृजलाल, पशु चिकित्सक जीवीएच सिरसा ने सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने विभिन्न बीमारियों के कारण, रोकथाम एवं उपचार संबंधी दवाएँ वितरित कीं और पशुपालकों की शंकाओं का समाधान किया।
अंत में, डॉ. महावीर चौधरी ने सभी प्रतिभागियों एवं पशुपालन विभाग के स्टाफ का आभार व्यक्त किया और कैंप को सफल बनाने में सहयोग हेतु धन्यवाद दिया।
