home page

ऑस्ट्रेलिया में भारत की जर्सी पहनेंगी शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की महकनूर, एशिया प्रशांत सिक्सेस लैक्रोस चैंपियनशिप के लिए चयन

 | 
Mahaknoor from Shah Satnam Ji Girls' School to wear the Indian jersey in Australia; selected for the Asia-Pacific Sixes Lacrosse Championship

 mahendra india news, new delhi
सिरसा शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी महकनूर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनका चयन एशिया-प्रशांत सिक्सेस लैक्रोस चैंपियनशिप एवं ओलंपिक क्वालीफायर के लिए भारतीय टीम में हुआ है। खास बात यह है कि हरियाणा से इस प्रतियोगिता के लिए केवल दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें सिरसा की महकनूर और जींद की कनिष्का शामिल हैं। महकनूर 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आगरा में आयोजित तैयारी शिविर में हिस्सा लेंगी। इसके बाद 3 से 11 अक्टूबर तक आॅस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड स्थित सनशाइन कोस्ट स्टेडियम में होने वाली चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से मैदान पर उतरेंगी।


- राष्ट्रीय स्तर पर 5 पदक जीत चुकीं
महकनूर अब तक 5 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। उन्होंने इन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया है। वह टीम में मिडफील्डर की भूमिका निभाती हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। महकनूर के चयन पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां और शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां ने खुशी जताई। उन्होंने खिलाड़ी को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं महकनूर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद और समय-समय पर मिले खेल संबंधी मार्गदर्शन को दिया। महकनूर ने कहा कि पूज्य गुरुजी के आशीर्वाद और उनके बताए खेल कौशल व तकनीक को अपनाकर उसे अपने खेल में लगातार सुधार करने की प्रेरणा मिली। इसी मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत की बदौलत वह आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल कर सकी हैं।

WhatsApp Group Join Now