home page

सिरसा के जमाल सोलर प्लांट हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, मुख्य साजिशकर्ता राकेश उर्फ राका गिरफ्तार

 | 
Major breakthrough for police in the Sirsa 'Jamal Solar Plant' murder case; main conspirator Rakesh, alias Raka, arrested

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा। गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र हत्याकांड में पुलिस को एक और अहम कामयाबी मिली है। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता गांव जमाल निवासी राकेश कुमार उर्फ राका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट परिसर सिरसा से काबू करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की साजिश रचने से लेकर वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है । गौरतलब है कि 6 अक्टूबर 2026 को राजस्थान सीमा के नजदीक गांव जमाल स्थित हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के सोलर प्लांट में ठेकेदारी का काम करने वाले सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय सुभाष प्लांट में बैठा था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और गोलियां चलाकर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे सिरसा नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता भादर राम की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए सिरसा और नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी ने बताया की हत्याकांड की साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now