सिरसा में बड़ी पुलिस कार्रवाई: दो युवक गिरफ्तार, 32 बोर के 3 सहित 4 अवैध पिस्तौल बरामद
mahendra india news, new delhi
सिरसा। किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को सिरसा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एबीवीटी स्टाफ की टीम ने रानियां बाइपास रोड पर जे.जे. कॉलोनी के नजदीक दबिश देकर दोनों को काबू किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार अवैध पिस्तौल बरामद हुए। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।एबीवीटी प्रभारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशों पर टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि लॉर्ड शिवा कॉलेज के पास दो युवक अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए बताए गए स्थान पर दबिश दी और दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नकुल पुत्र मुकेश कुमार निवासी मकान नंबर 489, गऊशाला मोहल्ला सिरसा तथा नीरज कुमार पुत्र बलवंत सिंह निवासी गऊशाला मोहल्ला,
वार्ड नंबर 22, सिरसा, हाल निवासी गली नंबर 9, प्रीत नगर सिरसा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध पिस्तौल बरामद कर हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार 32 बोर के तीन पिस्तौल जबकि 30 बोर का एक पिस्तौल बताया जा रहा है । दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त के स्रोत और उनके संभावित इस्तेमाल के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
