home page

गणित प्रश्नोत्तरी से बढ़ती है तार्किक सोच और आत्मविश्वास: सुभाष फुटेला

 | 
Math quizzes boost logical thinking and self-confidence: Subhash Futela

mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष  फुटेला तथा उप-जिला शिक्षा अधिकारी विजय सचदेवा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जिला सिरसा में जिलास्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उक्त अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें गणित विषय में रुचि विकसित करने, तार्किक चिंतन को बढ़ावा देने तथा निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

जिलास्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड, सिरसा में विद्यालय की प्रधानाचार्या परमजीत कौर की देखरेख में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी 7 खंडों से खंड स्तर पर चयनित 2-2 श्रेष्ठ टीमों ने भाग लिया। इस प्रकार जिलास्तर पर कुल 14 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी गणितीय प्रतिभा, तार्किक क्षमता एवं समस्या-समाधान कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्प की टीम ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, चाहरवाला की टीम ने तथा तृतीय स्थान आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झिड़ी की टीम ने प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं समन्वय का दायित्व जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. पी. डी. बैनीवाल ने निभाया। प्रतियोगिता के प्रश्नोत्तरी संचालन में डाइट डिंग, विषय विशेषज्ञ नरेश नरूला, तथा गणित प्रवक्ता विम्मी गोयल ने प्रश्नोत्तरी संचालक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का सफलतापूर्वक संचालन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य नीरज पहूजा का विशेष सहयोग रहा। उनके साथ हरीश चावला, डॉ. अनिल बिश्नोई, डॉ. अनिल चावला, कृष्ण जैन तथा डॉ.पंकज शर्मा ने भी प्रतियोगिता के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

WhatsApp Group Join Now


इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला एवं उप-जिला शिक्षा अधिकारी विजय सचदेवा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गणित प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनमें तार्किक सोच, समस्या-समाधान की क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होती हैं। जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. पी. डी. बैनीवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, विद्यार्थियों, उनके मार्गदर्शक शिक्षकों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गणित जैसे विषय को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखते हुए गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
 


जिला स्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपनी गणितीय प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डॉ. पी. डी. बैनीवाल, जिला गणित विशेषज्ञ, सिरसा।