CHC नाथुसरी चोपटा में आशा वर्कर यूनियन और चिकित्सा अधिकारी के बीच बैठक, अधिकांश मांगों पर बनी सहमति
mahendra india news, new delhi
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नाथुसरी चोपटा में शुक्रवार को चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिनल और आशा वर्कर यूनियन के पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आशा वर्करों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी। बैठक के दौरान डॉ. मिनल ने आश्वासन दिया कि ब्लॉक स्तर से संबंधित समस्याओं, जैसे मानदेय (पेमेंट) में देरी और ऑनलाइन कार्य से जुड़ी दिक्कतों का समाधान स्थानीय स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहीं, जो मांगें राज्य स्तर से संबंधित हैं, उन्हें लिखित रूप में संबंधित विभाग को भेजा जाएगा ताकि उनका भी शीघ्र समाधान हो सके।
बैठक में आशा वर्कर यूनियन की पूर्व प्रधान कलावती, माखोसरानी, रेखा, रोशन, गुलाबी, नीलम, बबीता, कृष्णा, सुनीता, कांता, पूनम और रोशनी सहित कई आशा वर्करों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
गौरतलब है कि वीरवार को नाथुसरी चोपटा क्षेत्र की आशा वर्करों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर CHC नाथुसरी चोपटा में प्रदर्शन किया था और चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी की ओर से बैठक आयोजित की गई, जिसमें मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बाद अधिकांश मांगों पर सहमति बनने से आशा वर्करों में संतोष का माहौल देखा गया। अब ब्लॉक स्तर की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू करने तथा राज्य स्तर की मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।
