सिरसा में आईएमए की एथलेटिक मीट में “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ” का संदेश
mahendra india news, new delhi
सिरसा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) द्वारा “नशा छोड़ो और स्वस्थ जीवन अपनाओ” के संदेश के साथ एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में शहर के अनेक चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों और समाज के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों अंडर 45, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक में 50 मीटर दौड़, 50 मीटर रिले रेस, शॉटपुट और जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

जैवलिन थ्रो (पुरुष वर्ग) में अंडर 45 आयु वर्ग में डॉ. नितिन, 45 से 60 आयु वर्ग में डॉ. सौरभ तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. संजीव गोयल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं जैवलिन थ्रो (महिला वर्ग) में अंडर 45 में डॉ. आकांक्षा गर्ग और 45 से 60 आयु वर्ग में डॉ. अर्चना ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। शॉटपुट प्रतियोगिता में अंडर 45 वर्ग में डॉ. पंकज गर्ग, 45 से 60 वर्ग में डॉ. सतेंद्र तथा 60 वर्ष से अधिक वर्ग में डॉ. संजीव ने पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. गुलाब सिंह सिहाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ चिकित्सक भी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इनमें डॉ. एम.आर. बंसल, डॉ. वेद बेनीवाल और डॉ. वी.पी. गोयल, डॉ. एस.पी. शर्मा, डाॅ. वीरेश भूषण सहित अन्य चिकित्सक शामिल थे। आईएमए के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं, बल्कि समाज को भी नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।
