HMEL में LPG लीकेज की काल्पनिक स्थिति पर मॉक ड्रिल आयोजित
mahendra india news, new delhi
बीकानेर रेल मंडल पर संरक्षित रेल संचालन हेतु, आपातकालीन स्थिति में कार्मिकों के बेहतर प्रदर्शन को परखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल की गई। इसके अंतर्गत HMEL (Guru Gobind Singh Refinery, Bathinda) में POL एवं LPG सुरक्षा जागरूकता एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण के अंतर्गत LPG लीकेज की काल्पनिक स्थिति पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में रेलकर्मियों एवं संबंधित कार्मिकों की त्वरित, सुरक्षित एवं समन्वित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना तथा निर्धारित Emergency Response Plan के अनुसार कार्यवाही का व्यावहारिक अभ्यास कराना था।
मॉक ड्रिल के दौरान LPG लीकेज की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न की गई, जिस पर संबंधित टीमों द्वारा तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यवाही की गई। टीम ने लीकेज क्षेत्र को सुरक्षित करने, आवश्यक सावधानियां अपनाने, संबंधित अधिकारियों को सूचना देने तथा आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर POL एवं LPG उत्पादों के सुरक्षित संचालन, संभावित आपातकालीन परिस्थितियों में प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responder) की भूमिका, आग के प्रकार, अग्नि त्रिकोण, आग लगने के स्रोत एवं अग्निशमन की विभिन्न विधियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही BTPN/BTPGLN वैगनों की संरचना एवं सुरक्षा विशेषताओं, TREM Card, सुरक्षित रेक हैंडलिंग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में DCP अग्निशामक के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया तथा आपातकालीन संपर्क व्यवस्था एवं कार्य क्षेत्र में अपनाई जा रही सुरक्षा पहलों से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न विभागों, जिनमें ऑपरेटिंग, कमर्शियल एवं मैकेनिकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त Assistant Divisional Safety Officer (ADSO), Assistant Coaching Depot Officer (ACDO) Hisar, वाणिज्य निरीक्षक सिरसा एवं यातायात निरीक्षक सिरसा ने भी सहभागिता की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न अनुभागों के 24 कार्मिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से कार्मिकों को वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित रेक हैंडलिंग एवं निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। रेल अधिकारियों एवं HMEL प्रबंधन द्वारा सुरक्षित रेल परिचालन एवं कार्यस्थल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से कार्मिकों की आपातकालीन तैयारी को निरंतर सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
