देश के उभरते तैराकों से गुलजार होगा एमएसजी भारतीय खेल गांव, कल से शुरू होगी नॉर्थ जोन-2 सीबीएसई स्विमिंग चैंपियनशिप
mahendra india news, new delhi
सिरसा शनिवार से देश के उभरते तैराकों के बड़े मुकाबले का गवाह बनेगा। डेरा सच्चा सौदा के एमएसजी भारतीय खेल गांव में 25 जुलाई से शुरू होने वाली चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए विभिन्न राज्यों की टीमें पहुंचनी शुरू हो गई हैं। खिलाड़ियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए सिरसा रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जबकि उन्हें खेल गांव और आवास स्थलों तक पहुंचाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चैंपियनशिप का शुभारंभ 25 जुलाई को सुबह 9 बजे एमएसजी भारतीय खेल गांव स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल में होगा। उद्घाटन समारोह में स्विमिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तथा हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री मुख्य अतिथि होंगे। शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत इन्सां एवं स्पोर्ट्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में विभिन्न स्पधार्ओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सिरसा रेलवे स्टेशन पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से बाहर से आने वाली टीमों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, रेलवे स्टेशन से एमएसजी भारतीय खेल गांव एवं आवास स्थलों तक खिलाड़ियों के आवागमन के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम से होंगे मुकाबले
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल, सिरसा द्वारा आयोजित की जा रही है। मुकाबलों के परिणाम पूरी तरह सटीक और पारदर्शी रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम (टच पैड्स) का उपयोग किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होंगे। सुबह का सत्र सुबह 6:30 बजे से 9:00 बजे तक तथा शाम का सत्र शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक चलेगा।
विश्वस्तरीय पूल बनेगा आकर्षण का केंद्र
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस एमएसजी भारतीय खेल गांव का स्विमिंग पूल प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रहेगा। आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सुविधाओं के बीच आयोजित होने वाली यह चैंपियनशिप युवा तैराकों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों से अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान करेगी। आयोजन समिति का कहना है कि खिलाड़ियों को सुरक्षित, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय प्रतियोगिता का अनुभव देने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
