home page

जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में ओरिएंटेशन कम टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित

 | 
Orientation-cum-talent hunt program organized at JCD Institute of Business Management

mahendr INDIA NEWS, NEW DELHI

जननायक चौधरी देवीलाल विद्यापीठ, सिरसा स्थित जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में विद्यार्थियों के स्वागत, आपसी परिचय तथा उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ओरिएंटेशन कम टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रोशन लाल, डॉ. रंदीप कौर एवं समस्त स्टाफ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में ओरिएंटेशन का संचालन मिस ज्योति द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, कॉलेज परिसर, स्टाफ सदस्यों, विभागीय कार्यप्रणाली तथा विद्यार्थियों की विभिन्न जिम्मेदारियों से अवगत करवाया। इसके पश्चात टैलेंट हंट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसका संचालन डॉ. रेणु द्वारा किया गया।

टैलेंट हंट के अंतर्गत हिंदी एवं अंग्रेजी एलोक्यूशन, सोलो डांस, ग्रुप डांस, गायन, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग तथा कार्टूनिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

हिंदी एलोक्यूशन प्रतियोगिता में बीबीए तृतीय सेमेस्टर के दिलजीत ने प्रथम, रितिका ने द्वितीय तथा एमबीए प्रथम सेमेस्टर के संजयपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी एलोक्यूशन प्रतियोगिता में बीबीए पंचम सेमेस्टर की जैस्मिन ने प्रथम तथा एमबीए प्रथम सेमेस्टर के पारव ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

डांस प्रतियोगिता में एमबीए प्रथम सेमेस्टर की अंजलि ने प्रथम, एमबीए प्रथम सेमेस्टर की अरशप्रीत ने द्वितीय तथा एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर की गुंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में बीबीए प्रथम सेमेस्टर के सरबजीत, हरमन, झलक, खुशमीत एवं खुशदीप की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया।

गायन प्रतियोगिता में बीबीए पंचम सेमेस्टर के वंश ने प्रथम तथा भविष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में बीबीए प्रथम सेमेस्टर की फलक ने प्रथम, बीबीए तृतीय सेमेस्टर के खुशाल ने द्वितीय तथा बीबीए द्वितीय सेमेस्टर की समायरा एवं जसनप्रीत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्टूनिंग प्रतियोगिता में बीबीए पंचम सेमेस्टर की पायल ने प्रथम तथा बीबीए तृतीय सेमेस्टर के हरमन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक श्री संदीप एवं श्रीमती अमन रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज में परिवार एवं समाज जैसा सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है, जिसे उचित मंच, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के माध्यम से निखारा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने शिक्षकों के समर्पित प्रयासों एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार प्रतिभाओं की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें संस्थान के सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।