CDLU के विवेकानन्द पुस्तकालय में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारम्भ
Orientation program for students of academic session 2025-2026 inaugurated at Vivekananda Library, CDLU
Mahendra india news, new delhi
SIRSA चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विवेकानन्द पुस्तकालय में वीरवार को शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। यह कार्यक्रम बायोटेक्नोलॉजी, बॉटनी, बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन, केमिस्ट्री एवं कॉमर्स विभागों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है जो 04 सितम्बर 2025 तक चलेगा।
पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा ने बताया कि यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ओरिएंटेशन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को न केवल पुस्तकालय की सुविधाओं से जोड़ते हैं बल्कि उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन में भी सहायक सिद्ध होते हैं। विद्यार्थियों ने भी पुस्तकालय स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें सकारात्मक और प्रेरणादायी ढंग से मार्गदर्शन मिला तथा इस ओरिएंटेशन से उन्होंने बहुत कुछ सीखा।
कार्यक्रम के दौरान विवेकानन्द पुस्तकालय स्टाफ ने विद्यार्थियों को अपने-अपने सेक्शन की विस्तृत जानकारी दी। इसी क्रम में डॉ. राजीव विज ने विद्यार्थियों को डेलनेट सुविधा के बारे में विस्तारपूर्वक बताया और शोध व अध्ययन कार्यों में इसके महत्व को समझाया। कार्यक्रम की संपूर्ण देखरेख उप-पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. राजीव विज द्वारा की गई। इस अवसर पर पुस्तकालय स्टाफ के सभी सदस्य डॉ. शर्मिला कुमारी, विनोद कुमार, राजकुमार आदि उपस्थित थे।
