सीडीएलयू, SIRSA के विवेकानंद पुस्तकालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विवेकानंद पुस्तकालय में आयोजित सात दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम वीरवार को सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया। यह कार्यक्रम 28 अगस्त 2025 से प्रारंभ हुआ था।
पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. मोनिका ने बताया कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के लगभग 30 विभागों ने सक्रिय भागीदारी की। विद्यार्थियों को पुस्तकालय की विभिन्न सुविधाओं, ई-संसाधनों, डिजिटल सेवाओं तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुस्तकालय के प्रत्येक अनुभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने सेक्शन से परिचित कराया और उन्हें व्यवहारिक जानकारी भी प्रदान की।
डॉ. शर्मिला कुमारी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध ई-रिसोर्सेज तथा उनके उपयोग की विधियों के बारे में विस्तार से बताया, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों का लाभ उठाने में आसानी होगी। कार्यक्रम की संपूर्ण देखरेख उप-पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. राजीव विज द्वारा की गई। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया और पुस्तकालय कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साँझा करते हुए कहा कि अब वे पुस्तकालय संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
समापन अवसर पर पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. मोनिका ने सभी प्राध्यापकों एवं विभागों का धन्यवाद किया तथा विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पुस्तकालय की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने शैक्षणिक जीवन में प्रगति करें। इस अवसर पर पुस्तकालय स्टाफ के सभी सदस्य डॉ. शर्मिला कुमारी, विनोद कुमार, राजकुमार, अमन कुमार, चाँद, सुदेश, मनीषा, सैलजा, रोज़ी, राजेन्द्र, रामनाथ, कमलदीप तथा राकेश कुमार उपस्थित रहे।
