home page

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्थिति से कराएंगे अवगत, किसानों की समस्याओं का किया जाएगा हरसंभव समाधान: केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दूबे

 | 
Prime Minister Mr Narendra Modi and Chief Minister Mr Naib Singh Saini will be apprised of the situation, every possible solution will be found to the problems of the farmers: Union Minister of State Satish Chandra Dubey
mahendra india news, new delhi

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्रालय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दूबे ने कहा कि किसानों के साथ केंद्र व राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। किसानों की समस्याओं के संबंध में केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से मुद्दों को रखा जाएगा और समस्याओं का निवारण करवाया जाएगा। जलभराव सहित फसल बीमा को लेकर किसानों ने जो सुधार की मांग रखी है, उस पर भी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला सिरसा के दौरे के दौरान उन्हें जो भी समस्याएं या मांग आमजन की तरफ से मिली है और विभिन्न गांवों का दौरा कर जायजा लिया गया है, उस बारे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर अवगत करवाते हुए मजबूती से समाधान का प्रयास करेंगे।


श्री दूबे रविवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जलभराव व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए बेहद चिंतित हैं। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी ड्यूटी सिरसा जिला में लगाई है। वर्षा और बाढ़ प्राकृतिक आपदा होती है, यह हमारे साहस और धैर्य की परीक्षा है। इसके बावजूद केंद्र व प्रदेश सरकार इस संकट की घड़ी में बाढ़ व जलभराव से पीड़ितों के साथ तत्परता से खड़ी है।


उन्होंने कहा कि इस बार घग्घर नदी में वर्ष 2008 से भी अधिक पानी आया है। इसके चलते कई गांव प्रभावित हुए हैं। सरकार द्वारा तत्काल राहत एवं निगरानी कार्य किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के साथ ही खाने-पीने का सामान व दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा सर्वे भी करवाया जा रहा है कि मकानों को कितना नुकसान हुआ है। राज्य सरकार निश्चित रूप से इसकी भरपाई करेगी।

WhatsApp Group Join Now


उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से बातचीत के दौरान पक्के तटबंध बनाने और फसल बीमा संबंधी त्रुटि दूर करने जैसी मांग रखी गई, उनका भी स्थाई समाधान का प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पानी हटने के बाद महामारी का अंदेशा बना रहता है, इसके लिए दवा का छिडक़ाव, मेडीकल टीमें, लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना, आने-जाने के रास्ते ठीक करवाना आदि का ध्यान रखा जा रहा है। इसके अलावा रिलीफ किट भी वितरित करवाई जा रही है।


उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारें दो-दो रुपये का मुआवजा देती थी, लेकिन वर्तमान में राज्य सरकार कम जमीन वालों को भी कम से कम 500 रुपये देकर राहत देने का काम कर रही है। इसके अलावा हरियाणा सरकार ने फसल नुकसान की एवज में साढ़े सात हजार से 15 हजार रुपये तक देने का निर्णय लिया है।


पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आज किसानों को उनकी फसलों का अच्छा दाम मिल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ वासियों को अपना परिवार मानते हैं और सबका साथ-सबका विकास-सबका सहयोग के नारे के साथ सरकार काम कर रही है।


केंद्रीय राज्यमंत्री ने गुडियाखेड़ा क्षेत्र का दौरा कर लिया जायजा
केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दूबे ने रविवार को अपने दौरे के दूसरे दिन गांव गुडियाखेड़ा क्षेत्र का जायजा लिया और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं जानी। ग्रामीणों ने हिसार घग्घर मल्टीपर्पज ड्रेन के तटबंधों को और मजबूत करने, ड्रेन की सफाई करवाने और जलभराव से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। किसानों ने मांग की कि जलभराव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। जलभराव से ढाणियों, ट्यूबवेल और खेतों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने ग्रामीणों की एक-एक मांग को ध्यान से सुना और हर संभव समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जो भी समस्याएं या मांगे हैं, उन्हें केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष मजबूती के साथ रखा जाएगा। इस दौरान रिलीफ किट भी वितरित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिरसा जिलाध्यक्ष भाजपा यतींद्र सिंह एडवोकेट, डबवाली जिलाध्यक्ष भाजपा रेणु शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमीर चंद मेहता, निताशा सिहाग, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम बजाज, हनुमान कुंडु, कपिल सोनी, देव राज मोयल, पूर्व एससी सुशील सैनी मौजूद रहे।