CDLU SIRSA के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने ‘रेडियो सिरसा’ मोबाइल ऐप को लॉन्च किया
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने सामुदायिक रेडियो स्टेशन ‘रेडियो सिरसा’ की पहुंच को व्यापक बनाने के उद्देश्य से मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया। विश्वविद्यालय के मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने ‘रेडियो सिरसा’ मोबाइल ऐप को लॉन्च किया। यह पहल शिक्षा, सूचना एवं मनोरंजन के साथ-साथ समुदाय से जुड़ाव को और मजबूत करने की दिशा में विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण रेडियो स्टेशन के माध्यम से किया गया। विभाग की शोधार्थी डिंपल ने इस कार्यक्रम को होस्ट किया।
कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने सामुदायिक रेडियो की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह माध्यम समाज के विभिन्न वर्गों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि कम्युनिटी रेडियो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। कुलगुरु ने विद्यार्थियों को रेडियो सिरसा की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रेडियो के माध्यम से कार्य करने से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, रचनात्मकता एवं संचार कौशल का विकास होगा।
सामुदायिक रेडियो स्टेशन के निदेशक प्रोफेसर सेवा सिंह बाजवा ने बताया कि ‘रेडियो सिरसा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से अब सामुदायिक रेडियो के कार्यक्रमों को अधिक व्यापक स्तर पर श्रोताओं तक पहुंचाया जा सकेगा। यह पहल डिजिटल तकनीक और पारंपरिक रेडियो माध्यम के समन्वय का उदाहरण है, जिससे रेडियो सिरसा की पहुंच विश्वविद्यालय परिसर से बाहर व्यापक समुदाय तक बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर सामुदायिक रेडियो स्टेशन के अतिरिक्त निदेशक डॉ. अमित सांगवान, डॉ. रविंद्र राजेश कुमार, दर्शन सिंह आदि उपस्थित रहे।
